जालंधर : लाजपत नगर में पार्क के पास से स्पेशल ब्रांच की टीम ने ट्रैप लगाकर लुधियाना के लॉटरी विक्रेता को एक ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ पकड़ा है। लुधियाना में अब्दुल बस्ती के रहने वाले 30 साल के राहुल सिडाना के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा-21 के तहत केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में राहुल ने माना है कि चिट्टा उसने अली मोहल्ले के तस्कर से 3500 रुपए में खरीदा था। पुलिस ने जब आरोपी को पकड़ा तो उसका वीडियो भी किसी ने बना लिया, जो अब वायरल हो गया है।
थाना डिविजन नंबर-4 के एडिशनल एसएचओ अश्विनी नंदा का कहना है कि पुलिस तस्कर को ट्रेस कर रही है। स्पेशल ब्रांच को इनपुट मिला था कि सिटी के अली मोहल्ले में चिट्टे का कारोबार चल रहा है। इसलिए टीम ने एरिया में सादे कपड़े में टैप लगाया था।
अली मोहल्ले में बाहर से आने वाले संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी। इस दौरान राहुल आया और आधे घंटे बाद वहां से पैदल निकला। जब वह गुरु नानक मिशन चौक के पास लाजपत नगर के पार्क के पास पहुंचा। स्पेशल ब्रांच उस पर नजर रख रही थी। पार्क के पास राहुल काफी देर खड़ा रहा मगर कोई नहीं आया। जब वह जाने लगा तो टीम ने उसे घेर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास एक पैकेट में हेरोइन मिली।
थाने में राहुल ने कहा कि वह चिट्टा बेचता नहीं है। लाजपत नगर पार्क में इंतजार कर रहा था कि लोग इधर-उधर हों तो वह नशा कर सके। राहुल ने कहा कि वह लॉटरी का काम करता है और उगाही के लिए जालंधर आया था।
जिससे पैसे लेने थे उसका फोन बंद रहा था। वह पहले भी अली मोहल्ले से चिट्टा लेकर जाता रहा है। उसे डेढ़ साल पहले चिट्टे की आदत लगी थी चिट्टा खत्म होने पर वह लेने आया था। पुलिस राहुल को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी कि वह सच बोल रहा है या फिर आगे चिट्टा बेचता है ।
– अश्विनी ठाकुर


Download Android App
Download iOS App



