लुधियाना-दोराहा : लुधियाना के नजदीक नैशनल हाईवे पर स्थित दोराहा के कश्मीर गार्डन पैलेस में एक शादी समारोह के दौरान चली गोलियों की घटना में 2 लोगों की मौत और 2 के जख्मी होने की खबर है, जिसमें से एक गंभीर हालत के चलते लुधियाना के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस वारदात में चाचा-भतीजे की मौत हुई है। जिनकी पहचान गांव धांधरा के रहने वाले प्रसिद्ध पहलवान 50 वर्षीय गुरप्रीत सिंह और 28 वर्षीय बलवंत सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक धांदरां के एनआरआइ परिवार की शादी के दौरान यह वारदात घटित हुई है। दोराहा पुलिस ने मृतक के भाई व गांव के सरपंच गुरजीत सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया है। अमेरिका से धांदरां आए हरबंस सिंह के बेटे गुरकमलप्रीत सिंह ग्रेवाल की शादी खमाणों के हरजीत सिंह की बेटी डॉ. हेमजोत कौर से हो रही थी।
दोराहा के कश्मीर गार्डन में चल रहे वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर गायक बब्बू मान प्रस्तुति दे रहे थे। कार्यक्रम में सरपंच का विरोधी जगजीत धांदरां व उसका परिवार भी था। खाना खाते समय गुरप्रीत सिंह का कंधा जगजीत धांदरां से टकरा गया। इस पर दोनों में बहस हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहासुनी में एक व्यक्ति ने अपनी .32 बोर की पिस्टल से आठ गोलियां चलाईं। दो गोलियां बंत सिंह के गले व पेट में लगी। एक गोली गुरप्रीत सिंह को लगी। वहां मौजूद एक युवक ने हमला करने वाले को नीचे गिरा दिया। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों में सरपंची को लेकर लंबे समय से टकराव था। कुछ लोगों के अनुसार गोली चलाने वाला जगजीत था, लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।
जगजीत के हाथ पर भी गोली लगी है। पुलिस ने पैलेस में लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो फुटेज कब्जे में ले ली है। एसएचओ दोराहा दविंदरपाल सिंह ने बताया कि बताना मुश्किल है कि गोली किसने चलाई। वहीं सीसीटीवी कैमरों में घटनाक्रम कैद हो गया है। कैमरे में दिख रहा है कि पैंट-कोट पहने युवक फायरिंग कर रहा है।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



