लुधियाना-खरड़ : खरड़ के नजदीक पॉश इलाके सन्नी एन्कलेव में पड़ते एक निजी स्कूल में कार्यरत अध्यापिका को अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मार दिए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सरबजीत कौर के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद खून से लथपथ अध्यापिका को अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सरबजीत कौर अपनी एक्टिवा से स्कूल में डयूटी निभाने जा रही थी। अध्यापिका उस समय स्कूल के बाहर पहुंची ही थी कि अचानक एक शख्स ने उसपर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमलावर वारदात के बाद फरार होने में कामयाब हो गया। महिला टीचर का फ्रांस में रह रहे पति से कुछ समय पहले तलाक हुआ था। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है कि पूर्व पति ने टीचर को गोली मारी है।
बताया जा रहा है कि सरबजीत कौर रोज की तरह अपने एक्टिवा से स्कूल जा रही थी। वह एक्टिवा से स्कूल के बाहर पहुंची थी और उसे सडक़ से पार कर रही थी एक अज्ञात व्यक्ति ने आकर उसे गोली मार दी। इससे वह बुरी तरह घायल हो गई। उसे तुरंत मोहाली के मैक्स हॉस्पिटल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सबरजीत कौर मोहाली जिले के रामगढ़ गांव की रहनेवाली थी और उसका घरेलू विवाद भी चल रहा था।
एसएसपी मोहाली कुलदीप सिंह शाह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और वारदात के समय स्कूल के बाहर खडी अन्य टीचरों से पूछताछ से खुलासा हुआ है कि सरबजीत को उसके पूर्व पति ने गोली मारी है। मृतका की एक बेटी भी है। अभी तक हमलावर पूर्व पति के बारे में कोई सुराग नहीं लगा है।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



