सिद्धू के पदभार ग्रहण करने के कार्यक्रम में कोरोना नियमों का हुआ उल्लंघन, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Summary :

चंडीगढ़ पुलिस ने नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करने के कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर कोरोना दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करने के कार्यक्रम को लेकर केस दर्ज हुआ है। चंडीगढ़ पुलिस ने कार्यक्रम में कोविड​​-19 के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 188 (लोक सेवक द्वारा विधिवत आदेश की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पंजाब के विभिन्न जिलों से आए और यहां पंजाब कांग्रेस भवन में इकट्ठा हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया और न ही मास्क पहने थे। उन्होंने बताया कि मामला सेक्टर 11 पुलिस थाना में दर्ज है। सिद्धू के पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करने के कार्यक्रम के लिए शुक्रवार को पंजाब कांग्रेस भवन में कई कांग्रेस समर्थक जमा हुए थे।

Desk Team