वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी इकबाल प्रीत सिंह सहोता को पंजाब के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। शनिवार को इस संबंध में एक सरकारी आदेश जारी किया गया। पुलिस महानिदेशक एवं 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी दिनकर गुप्ता के अवकाश पर चले जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
वर्ष 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी सहोता फिलहाल विशेष पुलिस महानिदेशक (सशस्त्र पुलिस, जालंधर) हैं। आदेश के मुताबिक सहोता को ‘‘अपनी ड्यूटी के निर्वहन के अलावा दिनकर गुप्ता के छुट्टी पर रहने की अवधि के दौरान पंजाब के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।’’ आदेश के अनुसार, यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई वाली नयी सरकार द्वारा विनी महाजन को हटाकर उनकी जगह अनिरूद्ध तिवारी को मुख्य सचिव नियुक्त किये जाने के दो दिन बाद पंजाब पुलिस बल के प्रमुख में यह परिवर्तन किया गया है। दिनकर गुप्ता महाजन के पति हैं। राज्य की सत्ता में नेतृत्व परिवर्तन के बाद यह करीब तय है कि शीर्ष नौकरशाही में फेरबदल किया जाएगा। चन्नी ने इसी सप्ताह के प्रारंभ में पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने अमरिंदर सिंह की जगह ली है।


Download Android App
Download iOS App



