सीएम चन्नी का केजरीवाल पर तीखा हमला, कहा- धोखेबाज है, उनकी पार्टी केवल झूठे वादे करती है

Summary :

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मंगलवार को दिल्ली के अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए उन्हें ‘धोखेबाज’ बताया और उनकी आम आदमी पार्टी पर केवल झूठे वादे करने और फर्जी गारंटी देने का आरोप लगाया।

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मंगलवार को दिल्ली के अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए उन्हें ‘धोखेबाज’ बताया और उनकी आम आदमी पार्टी पर केवल झूठे वादे करने और फर्जी गारंटी देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने 2015 की बेअदबी की घटनाओं और फरीदकोट के बहबल कलां और कोटकपूरा में पुलिस की गोलीबारी के लिए शिरोमणि अकाली दल के नेताओं को भी जिम्मेदार ठहराया। पंजाब के लिए चुनावी लड़ाई तेज होने के साथ ही प्रतिद्वंद्वी दलों पर मुख्यमंत्री चन्नी के हमले तेज हो गए हैं।
चन्नी ने आम आदमी पार्टी (आप) के चुनावी वादों को ‘‘झूठ का पुलिंदा’’ बताते हुए आरोप लगाया, ‘‘आप केवल झूठे वादे, नकली गारंटी की घोषणा कर रही है।’’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चन्नी ने आरोप लगाया, ‘‘केजरीवाल धोखेबाज हैं और उनकी घोषणाएं और योजनाएं वास्तव में दिल्ली में भी जनता के कल्याण के लिए नहीं हैं, पंजाब की क्या बात करें।’’
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कोटकपूरा की नयी अनाज मंडी में सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 2015 की बेअदबी का मामला विचाराधीन है, इसलिए वह विवरण का खुलासा नहीं कर सकते। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि बादल परिवार की ‘‘इस जघन्य अपराध के अपराधियों के साथ मिलीभगत थी।’’
इस अवसर पर परिवहन मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि सड़कों पर चल रही अवैध बसों को रोकने की किसी ने कभी हिम्मत नहीं की। उन्होंने कहा कि सरकार ने न केवल ‘‘सभी अवैध बसों का परिचालन रोक दिया है, बल्कि राज्य के खजाने को 14 करोड़ रुपये से भरने के लिए 135 बसों को भी जब्त कर लिया है।’’

Desk Team