पंजाब : युवक ने कांग्रेस विधायक से मांगा हिसाब तो थप्पड़ में मिला ‘ज़ोरदार’ जवाब

Summary :

वायरल वीडियो के अनुसार एक युवक विधायक जोगिंदर पाल से अपने इलाके के विकास को लेकर सवाल करता है, युवक बार-बार इसी सवाल को दोहरा रहा था, इस बात से बिदके विधायक ने युवक के साथ मारपीट कर दी।

पंजाब कांग्रेस के विधायक जोगिंदर पाल द्वारा एक युवक को पीटे जाने का मामला सामने आया है। एक युवक विधायक से अपने इलाके के विकास को लेकर सवाल करता है, युवक बार-बार इसी सवाल को दोहरा रहा था, इस बात से बिदके विधायक ने युवक के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके साथ ही राज्य की सत्तारूढ़ कांग्रेस को किरकिरी का सामना करना पड़ा।
दरअसल, विधायक जोगिंदर पाल पठानकोट जिले के बोहा निर्वाचन क्षेत्र में अपने द्वारा किए गए विकास कार्यो के बारे में बात कर रहे थे। जब इस बारे में युवाओं ने सार्वजनिक रूप से उन्हें घेर लिया और एक युवक ने पूछा कि इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए क्या किया है, तो पहले तो विधायक ने युवक के सवाल को अनसुना कर दिया। 
युवक द्वारा दोबारा पूछे गए उसी सवाल के बाद जोगिंदर पाल ने  युवक को अपने पास आने के लिए कहा और फिर उसकी पिटाई शुरू कर दी। वीडियो में विधायक और उनके बंदूकधारियों को उस युवक की पिटाई करते देखा जा सकता है, जिसने पूछा, “तुमने वास्तव में क्या किया है?”


घटना में पीड़ित युवक की मां ने विधायक के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। उन्होंने मीडिया से कहा, “मेरे बेटे ने विधायक से निर्वाचन क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए विकास कार्यो के बारे में पूछा और इसके लिए उन्हें पीटा गया।” इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए गृहमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि विधायक को इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए था।

रंधावा ने कहा, “हम जनता के प्रतिनिधि हैं और यहां उनकी सेवा करने के लिए हैं।” शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने इस घटना को बेशर्म करार देते हुए कहा, “एक सवाल पूछो और बदले में यही मिलता है।” पार्टी ने ट्वीट किया, “कांग्रेस पंजाब के विधायक जोगिंदर पाल ने पुलिस के साथ मिलकर एक व्यक्ति की पिटाई की, जिसने उसके गैर-प्रदर्शन का लेखा-जोखा रखा। परिणाम भुगतने के लिए तैयार हो जाओ, लोग 2022 में लोकतंत्र पर इस तमाचे को दृढ़ता से वापस करेंगे।”

Desk Team