पंजाब को दहलाने की साजिश : ISI समर्थिक आतंकी मॉड्यूल के चार और सदस्य गिरफ्तार, CM अमरिंदर ने जारी किया हाई अलर्ट

Summary :

पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की बड़ी साजिश को बेनकाब कर दिया है। पाकिस्तान की कुख्यात खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित एक और आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की बड़ी साजिश को बेनकाब कर दिया है। पाकिस्तान की कुख्यात खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित एक और आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 4 आतंकवादियों को गिरफ्तार करके बड़ी आतंकी साजिश नाकाम कर दी।
आरोपितों ने आईईडी टिफिन बम से आयल टैंकर को उड़ाने की साजिश रची थी। मामला पिछले महीने जालंधर से आतंकी गुरमुख सिंह रोडे की गिरफ्तारी से जुड़ा है। पुलिस ने पिछले 40 दिन में चौथे पाकिस्तानी आंतकी माड्यूल का पर्दाफाश किया है। उधर,मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य में हाई अलर्ट का आदेश दिया है।
गिरफ्तार आतंकियों की पहचान राहुल सिंह, विकी भट्टी, मलकीत सिंह और गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। राहुल को मंगलवार को अंबाला से गिरफ्तार किया गया था जबकि बाकी तीनों को अजनाला में उनके गांवों से बुधवार को गिरफ्तार किया गया है।
इनका पांचवें साथी गुरमुख सिंह बराड़ को कपूरथला पुलिस ने 20 अगस्त को जालंधर से गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार इस आतंकी माड्यूल के पीछे पाकिस्तान में बैठा प्रतिबंधित इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन का प्रमुख लखबीर सिंह रोडे और कासिम का हाथ है।
कासिम पाकिस्तानी खुफिया अधिकारी है जबकि लखबीर सिंह रोडे उर्फ बाबा मोगा जिले के गांव रोडे का रहने वाला है। पिछले दिनों जालंधर से गिरफ्तार गुरमुख सिंह रोडे उसका भतीजा है। लखबीर सिंह रोडे का भाई जसबीर सिंह रोडे श्री अकाल तख्त साहिब का पूर्व जत्थेदार है।

Desk Team