कोरोना वायरस के चलते देश में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन जारी है। वहीँ पंजाब में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिये लागू कर्फ्यू में बुधवार को थोड़ी ढील दी गई, ताकि लोग जरूरी सामान खरीद सकें। अधिकारियों ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में दूध सब्जी, फल खरीदने के लिये सुबह छह बजे से नौ बजे तक और फिर किराने का सामान और दवाएं खरीदने के लिये सुबह आठ बजे से 11 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई।
शुरुआती खबरों के अनुसार, राज्य के अधिकतर हिस्सों में लोगों को घरों पर ही दूध पहुंचाया गया। बहरहाल, उन्हें सब्जियां और अन्य जरूरी सामान खरीदने के लिये नजदीकी दुकानों पर जाने की अनुमति थी। इससे पहले मंगलवार को राज्य सरकार ने घोषणा की थी कि उपायुक्त किराने का सामान, दूध, फल और सब्जियां घर-घर पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे।
कई जगहों पर लोगों ने शिकायत की कि उन्हें महंगी सब्जियां और फल खरीदना पड़ रहा है। कई जगहों पर लोगों के घरों पर अखबार नहीं डाले गए। राज्य सरकार ने लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जिलावार सूची जारी की है। ऐसी भी खबरें हैं कि कर्फ्यू की वजह से कुछ किसान फल और सब्जियों जैसे अपने उत्पाद लेकर शहरों तक नहीं पहुंच पाए।


Download Android App
Download iOS App



