चंडीगढ़ : 1984 के सिख विरोधी दंगा मामले में केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को दोषी ठहराए जाने के पक्ष में कहा कि फैसले ने भरोसा दिया है कि कानून ‘नरसंहार’ में कथित तौर पर संलिप्त दूसरे कांग्रेसी नेताओं को जल्द पकड़ेगा। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 1984 के सिख विरोधी दंगा मामले में सज्जन कुमार को दोषी ठहराया और उन्हें उम्रकैद की सजा सुनायी।
हरसिमरत ने यहां मीडिया से कहा, ‘‘मैं उच्च न्यायालय की आभारी हूं जिसने ऐतिहासिक फैसला दिया है और हमें भरोसा दिया है कि आज सज्जन कुमार पर फैसला हुआ, कल जगदीश टाइटलर और उसके बाद कमलनाथ की बारी आएगी। आखिरकार यह गांधी परिवार ही है जिसकी जवाबदेही होगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐतिहासिक फैसला है क्योंकि न्याय चक्र जो पहले रुक गया था अब फिर से घूमने लगा है।’’
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को जवाब देना होगा कि दंगे में कथित तौर पर संलिप्त कमलनाथ को मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री क्यों बनाया गया? मंत्री ने दिल्ली और कुछ अन्य इलाके में दंगे के सभी मामलों की फिर से जांच कराने के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित करने को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार का शुक्रिया अदा किया। शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने भी फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सिखों को निशाना बनाने और ‘नरसंहार’ करने की कांग्रेस की साजिश का आखिरकार पर्दाफाश हो गया ।


Download Android App
Download iOS App



