केजरीवाल ने AAP के चुनाव जीतने पर पंजाब में मुफ्त बिजली देने का किया वादा

Summary :

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वादा किया कि अगर उनकी आम आदमी पार्टी चुनाव जीतती है, तो राज्य में मुफ्त बिजली दी जाएगी।

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को वादा किया कि अगर उनकी आम आदमी पार्टी (आप) चुनाव जीतती है, तो राज्य में मुफ्त बिजली दी जाएगी। अपने चंडीगढ़ दौरे से एक दिन पहले आप नेता ने यह भी दावा किया कि पंजाब में महिलाएं महंगाई से बहुत नाराज हैं। केजरीवाल ने पंजाबी भाषा में किए गए एक ट्वीट में कहा, ”दिल्ली में हम हर परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली मुहैया कराते हैं। महिलाएं बहुत खुश हैं। पंजाब की महिलाएं भी महंगाई से काफी नाराज हैं। आप सरकार पंजाब में भी मुफ्त बिजली देगी। कल मिलते हैं चंडीगढ़ में।”


पंजाब भवन में केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर राजनीति शुरू

वहीं पंजाब सरकार की तरफ से चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए देने से इनकार करने को लेकर आम आदमी पार्टी ने पंजाब के मुख्यमंत्री पर बड़ा आरोप लगाया है। आप प्रवक्ता और दिल्ली से विधायक राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय ने पार्टी को पहले से तय स्थल पर संवाददाता सम्मेलन करने की इजाजत नहीं दी है। चड्ढा ने कहा कि केजरीवाल मंगलवार को चंडीगढ़ में एक ‘बड़ी घोषणा’ करेंगे।
चड्ढा ने ट्वीट किया कि केजरीवाल से कैप्टन अमरिंदर सिंह का डर इस हद तक पहुंच गया है कि उनके कार्यालय ने हमें पूर्व-निर्धारित स्थल पर संवाददाता सम्मेलन करने की अनुमति नहीं दी है। फिर भी अरविंद केजरीवाल कल चंडीगढ़ में एक बड़ी घोषणा करेंगे, जो कैप्टन और उनकी पार्टी को 440 वोल्ट का करंट भेजेगा। 


पंजाब भवन पंजाब सरकार के अधीन आने वाली एक सरकारी जगह है, लेकिन आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल के दिल्ली के मुख्यमंत्री होने के प्रोटोकॉल की वजह से यहां पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करवाने की जिद पर अड़ी है। पंजाब सरकार के सूत्रों के मुताबिक अरविंद केजरीवाल एक राजनीतिक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आ रहे हैं ना की किसी सरकारी कार्यक्रम में, ऐसे में उन्हें पंजाब भवन के इस्तेमाल की परमिशन नहीं दी जा सकती। आम आदमी पार्टी के नेताओं राघव चड्ढा, भगवंत मान और अमन अरोड़ा ने इस पूरे मामले को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे कैप्टन अमरिंदर सिंह का डर करार दिया। 

Desk Team