लुधियाना- होशियारपुर : बीती 5 अगस्त को संदिग्ध अवस्था में लापता हुए वन रेंज अधिकारी विजय कुमार की लाश आज सुबह-सवेरे साढ़े 9 बजे के करीब विभाग के ही खोज केंद्र खडक़ा से प्राप्त होते ही समस्त इलाके में सनसनी फैल गई। लाश मिलने की सूचना के उपरांत जिला पुलिस प्रमुख इनल चेलीयन, डीएसपी सतिंद्र कुमार चडढा और इलाका एसएचओ पुलिस स्टेशन सदर राजेश अरोड़ा अन्य पुलिस मुलाजिमों के साथ मौके पर पहुंचे और लाश को कब्जे में लेते हुए पंचनामा तैयार करके पोस्ट मार्टम के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर भेज दिया गया।
उच्च पुलिस अधिकारियों द्वारा इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरंभिक जांच पड़ताल में मामला आत्महत्या का लगता है। पुलिस अधिकारियों को लाश के नजदीक से एक डायरी भी बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस इस मामले में कोई भी बात सांझी नहीं करना चाहती। पुलिस के मुताबिक विजय कुमार ने खुदकुशी की है या किसी ने कत्ल किया है, इसका खुलासा जांच के उपरांत ही पता चलेगा।
पटियाला में नौजवानों पर तशदद करने का मामला : सहायक थानेदार के विरूद्ध एफ.आई.आर दर्ज
रविवार से लापता हुए वन रेंज अफसर विजय कुमार का पिछले चार दिन से कोई सुराग नही लग रहा था। उनका समस्त परिवार सदमे में था। लापता वन रेंज अफसर की पत्नी भी परेशानी की हालत में अपने रिश्तेदारों और वन रेंज के अधिकारियों और मुलाजिमों के साथ पति की तलाश में जंगल का चप्पा-चप्पा छान रही थी। विजय की पत्नी रजनी ने पति के गुम होने की सूचना के उपरांत माता चिंतपूर्णी के दरबार में जाकर पति के सकुशल की मंगला कामना भी की थी।
उधर, विजय कुमार के पक्ष में पूरे प्रदेश का वन विभाग खड़ा हो गया है। इस बारे में वन रेंज अफसर और डिप्टी वन रेंज अफसर पंजाब की तरफ से सांझे रूप में विशेष बैठक के उपरांत सीधे रूप में डीएफओ नरेश महाजन पर आरोप लगाया गया है कि पिछले कुछ दिनों से वन रेंज अफसर विजय कुमार को वह मानसिक रूप से परेशान कर रहा था।
स्मरण रहे कि विजय कुमार की रविवार को रहस्यमय परिस्थितियों में गायब होने के उपरांत उनकी कार जंगल में खड़ी पाई गई। वह हाल ही में जिला लुधियाना से बदल कर होशियारपुर रेंज में अपनी सेवाएं निभा रहे थे। आठ अगस्त को होशियारपुर में मंत्री साधु सिंह धर्मसोत के आने की तैयारियों में विभाग लगा हुआ था। विजय कुमार भी इसी के सिलसिले में अपनी रेंज में कुछ काम को लेकर गए थे। मगर, रविवार दोपहर को विजय कुमार के गुम होने की सूचना ने सभी को अचंभे में डाल दिया था।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



