पंजाब कांग्रेस के प्रमुख सुनील जाखड़ा ने बुधवार को कहा कि करतारपुर गलियारे को खोलने को लेकर कोई भी नवजोत सिंह सिद्धू के योगदान को नहीं नकार सकता। हालांकि साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सभी के योगदान से इस योजना को अमली जामा पहनाया जा सका।
अमृतसर में लगे होर्डिंग जिनमें करतारपुर गलियारा के काम को पूरा करवाने में सिद्धू के योगदान की प्रशंसा कर उन्हें ‘‘असली हीरो’’ बताया गया है को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में जाखड़ ने कहा, ‘‘जब आप नवजोत सिंह सिद्धू के बारे में बात कर रहे हैं, तो मेरा कहना है कि कोई भी उनके योगदान को नहीं नकार सकता। इसे अनदेखा नहीं किया जा सकता। ’’
हालांकि, उन्होंने कहा कि सभी के योगदान से यह संभव हो सका है।
सिख संप्रदाय के संस्थापक गुरु नानक देव की 550 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र से इतर मीडिया से बात करते हुए जाखड़ ने कहा कि हर कोई जानता है कि उस व्यक्ति का योगदान क्या है।
उन्होंने साथ ही कहा कि लोग इस संबंध में केंद्र में कांग्रेस सरकारों द्वारा लगातार किए गए प्रयासों के बारे में भी जानते हैं।


Download Android App
Download iOS App



