लुधियाना- अजनाला : भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (अंतरराष्ट्रीय बार्डर) पर दाओके गांव के पास लगी कंटीली तार को पार करते गिरफ्तार किया है।
आरोपित की पहचान इमरान शाहिद निवासी गांव नासिरा, गुजरांवाला पाकिस्तान के रूप में हुई है। खुफिया एजेंसियां पाक घुसपैठिये से पूछताछ कर रही हैं। घुसपैठिये के भारतीय तस्करों से संबंध की आशंका जताई जा रही है।
इससे पहले, थाना घरिंडा पुलिस खुफिया एजेंसियों की मदद से छह राष्ट्रीय राइफल्स में श्रीनगर में तैनात दो सैनिकों मलकीयत सिंह और प्रिंसदीप सिंह को गिरफ्तार कर चुकी हैं। दोनों जवान पाक की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के लिए जासूसी कर रहे थे। इसके साथ ही एक हेरोइन तस्कर गज्जन सिंह और कारोबारी हतीश को भी पकड़ा जा चुका है।
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि पकड़े गए इमरान शाहिद के भारतीय तस्करों के साथ संबंध हैं और वह तस्करों से सेना के दस्तावेज हासिल करने पहुंचा था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी के चलते बीएसएफ जवानों ने उसे कंटीली तार के पास ही काबू कर लिया।
बीएसएफ की 138वीं बटालियन के कंपनी कमांडर वरिंदर विक्रम गौतम ने घरिंडा थाना पुलिस को बताया कि बीती रात उनके जवान कंटीली तार के पास गश्त कर रहे थे। दाओके गांव के पास लगी तार के पास उन्हें कुछ हलचल दिखाई दी। इस पर कार्रवाई करते हुए बीएसएफ जवानों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



