लुधियाना-अटारी : पंजाब की अंतरराष्ट्रीय सीमा अटारी के नजदीक बीएसएफ के जवानों ने एक घुसपैठिये को ढेर किये जाने की खबर मिली है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीएसएफ द्वारा बीती रात बाहरी सरहद चौकेी भरोवाल के नजदीक पाकिस्तानी घुसपैठिये को गोलियां मारकर हलाक किया गया है। फिलहाल बीएसएफ के अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का दौरा किया जा रहा है।
घटना देर रात की है। बताया जाता है कि सीमा की फेंसिग के पार एक शख्स तारबंदी को पार करने की कोशिश में था। बल की तरफ से चेतावनी के बाद भी आगे बढ़ता रहा। इसके चलते बल की तरफ से फायर खोल दिए गए और वह वहीं ढेर हो हो गया। पाक रेंजर्स को इसकी सूचना देते हुए फ्लैग मीटिंग के लिए कहा जा चुका है।
सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों के मुताबिक भिखीविंड सेक्टर में तैनात 138 बटालियन के जवान रात को बॉर्डर ऑब्जर्विंग पोस्ट (बीओपी) भरोपाल के पास गश्त कर रहे थे। 9 बजकर 43 मिनट पर पाकिस्तान की तरफ से एक इंसानी साये को भारतीय क्षेत्र की तरफ बढ़ते देखा गया। इसके साथ ही टुकड़ी चौकस हो गई और आगे बढऩे वाले शख्स को चेतावनी दे वापस लौटने को कहा। बावजूद इसके लगातार आगे बढ़ता रहा। इस पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने उस पर फायर खोल दिया। हालांकि पहले सीमा पार करने की कोशिश कर रहा वह शख्स गंभीर रूप से घायल हुआ, लेकिन जब तक उसे संभाला, उसने दम तोड़ दिया।
शुक्रवार सुबह वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इलाके में की गई सर्च के बाद एक पाक नागरिक का शव मिला, जिसकी उम्र लगभग 45 साल के करीब है। अधिकारियों ने इसकी सूचना पाक रेंजर्स को देते हुए फ्लैग मीटिंग के लिए कहा, ताकि शव की पहचान के बाद उसे पाक रेंजर्स के हवाले किया जा सके। समाचार लिखे जाने तक फ्लैग मीटिंग होने की पुष्टि नहीं हो सकी है।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



