लुधियाना-अमृतसर : पंजाब पुलिस ने जिला अमृतसर के पुलिस स्टेशन थाना घरिंडा के अंतर्गत भारत-पाक सरहद के साथ डुकदे पुलमोरा में आज रविवार की सुबह बीएसएफ के 88 बटालियन के जवानों द्वारा एक पाकिस्तानी अज्ञात घुसपैठिए को ढेर किए जाने की खबर मिली है। अति विश्वासनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह-सवेरे साढ़े 5 बजे के करीब भारतीय सरहद के साथ लगते पुलमोरा में एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को बीएसएफ के जवानों द्वारा उस वक्त गोलियां मारकर ढेर किया गया जब वह भारतीय क्षेत्र में घुसने का प्रयास कर रहा था। जिस पाकिस्तानी शख्स को ढेर किया गया, उसने नीले रंग का कुर्ता और सफेद सलवार पहनी हुई थी, इसी मामले में संबंधित उच्च अधिकारियों द्वारा उच्च स्तरीय जांच की जा रही है, ताकि पता किया जा सकें कि पाकिस्तानी घुसपैठिया देश में लॉकडाउन और कफर्यू के चलते इधर किस इरादे से आ रहा था।
मारे गए इस घुसपैठिये की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है। घटना के बाद जब बीएसएफ और अमृतसर पुलिस ने मौका मुआयना किया तो इसकी जेब से पाकिस्तानी करंसी के 650 रुपए के अलावा कोई और दस्तावेज नहीं मिला। फिलहाल बीएसएफ अधिकारियों ने पाकिस्तानी आर्मी को फोटो भेजकर मारे गए व्यक्ति की शिनाख्त की बात कही है, वहीं स्थानीय स्तर पर इसका पोस्टमॉर्टम कराए जाने की तैयारियां चल रही हैं।
दरअसल, पंजाब से सटी सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से नशा तस्करी की जाती रही है। अक्सर यहां पाकिस्तान से तस्करी कर लाई हुई हेरोइन बरामद होती रहती है। दो दिन पहले भी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों ने पाकिस्तानी तस्करों की ओर से भारतीय सीमा में फेंकी गई हेरोइन बरामद की थी। इस दौरान पाक तस्करों ने गोलियां भी चलाईं। जवानों की ओर से फायरिंग करने के बाद तस्कर भाग गए।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



