प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को पंजाब का मुख्यमंत्री बनने पर चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई दी। भारतीय जनता पार्टी के नेता और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह राज्य सरकार के साथ मिलकर पंजाब की बेहतरी के लिए काम जारी रखेंगे। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में चन्नी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा, पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई। पंजाब सरकार के साथ मिलकर हम राज्य और राज्य की जनता की बेहतरी के लिए काम जारी रखेंगे।

राहुल ने दी CM चन्नी को बधाई
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि “चरणजीत सिंह चन्नी जी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई। हमें पंजाब के लोगों से किए गए वादों को पूरा करना जारी रखना चाहिए। उनका विश्वास सर्वोपरि है।” बता दें कि राहुल गांधी पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए। चन्नी ने आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ सुखजिंदर सिंह रंधावा और ब्रह्म मोहिंद्रा ने भी शपथ ली जो पंजाब सरकार में उप मुख्यमंत्री होंगे।

बताते चलें कि पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से अंदरूनी कलह जारी है, इस बीच पार्टी आलाकमान के निर्देश पर शनिवार शाम अमरिंदर सिंह ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया था। जिसके बाद कांग्रेस के अगले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कई लग नाम सामने आये जिसके बाद कल शाम चरणजीत सिंह चन्नी को विधायक दल का नेता घोषित किया गया था। आज सुबह 11 बजे सीएम चन्नी के साथ सुखजिंदर सिंह रंधावा और ब्रह्म मोहिंद्रा ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।


Download Android App
Download iOS App



