पंजाब के विधानसभा चुनाव में मिली शानदार सफलता के बाद आप (आम आदमी पार्टी ) के मुख्यमंत्री पद के चेहरे भगवंत मान आज पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आभार व्यक्त करने के लिए अमृतसर में रोड शो करेंगे। इससे एक दिन पहले उन्होंने राजधानी में अरविन्द केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ मुलाकात की थी।
अरविन्द केजरीवाल भी लेंगे रोड शो में हिस्सा
अमृतसर रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए मान ने कहा कि, पंजाब के लोगों से किए वादों को पूरा करने के लिए वे गुरु साहिब का आशीर्वाद लेंगे। राज्य के मनोनीत सीएम भगवंत मान ने संगरूर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा, पंजाब के लोगों ने हमें बहुत प्यार और इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है, उन्होंने मुझ पर और पार्टी पर जो यकीन किया है हम उसे पूरा करेंगे। उन्होंने बताया कि, रोड शो में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी हिस्सा लेंगे।
राज्य में ‘आप’ ने जीती है 92 सीटें
रोड शो से पहले अमृतसर की सड़कों और गलियों में भगवंत मान और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के कटआउट और पोस्टर लगाए हैं। बता दें कि हालिया नतीजों में पंजाब की 117 विधानसभा सीट में से आप को 92 पर जीत मिली है। सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी शिरोमणि अकाली दल के कई वरिष्ठ नेता चुनाव हार गए। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और अमरिंदर सिंह के अलावा शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल और कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी अपनी सीट नहीं बचा पाए।


Download Android App
Download iOS App



