पंजाब के नवनियुक्त मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मंगलवार (5 अक्टूबर) को राजस्थान आ रहे हैं। चन्नी राजस्थान के कैबिनेट मंत्री और पंजाब के पर्यवेक्षक हरीश चौधरी के साथ चंडीगढ़ से जयपुर पहुंचेंगे और सीधे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचेंगे। इस दौरान गहलोत कैबिनेट के अन्य मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
वहीं पंजाब का सीएम बनने के बाद पहली बार जयपुर आ रहे चन्नी के सम्मान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सीएम हाउस में 5 अक्टूबर को लंच का कार्यक्रम रखा है, जिसमें सरकार के सभी मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों को आमंत्रित किया गया है। सीएम चन्नी किसी पारिवारिक कार्यक्रम का निमंत्रण मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को देने के लिए जयपुर आ रहे हैं।
वहीं लंच के दौरान चन्नी राजस्थान के सभी मंत्रियों और विधायकों से भी मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस आलाकमान की ओर से चन्नी को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाए जाने के फैसले की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी खूब तारीफ की थी। वहीं पंजाब के पर्यवेक्षक बनाकर भेजे गए राजस्व मंत्री हरीश चौधरी को भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का करीबी माना जाता है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान चन्नी को अलग-अलग दौरों पर उनके प्रोफाइल को ऊंचा करने और यह दिखाने के लिए भेज रहे हैं कि वह एक डमी सीएम नहीं हैं। हाल ही में चन्नी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और अब वह राजस्थान में सीएम से मिलने आ रहे हैं। सूत्रों ने कहा कि यह खुद ही इस बात को साबित करता है कि मुख्यमंत्री खुद पहल कर रहे हैं। इस दौरे का मकसद राजस्थान-पंजाब जल विवाद भी हो सकता है।


Download Android App
Download iOS App



