पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिन्दर सिंह बुधवार को दोपहर के भोजन पर पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पूर्व क्रिकेटर तथा नेता सिद्धू को राज्य में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले महत्वपूर्ण भूमिका दी जा सकती है।
दोनों नेताओं के बीच दोपहर के भोजन पर यह दूसरी मुलाकात होगी। इससे पहले पिछले साल नवंबर में भी दोनों के बीच ऐसी ही मुलाकात हुई थी, जिसे दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव दूर करने की दिशा में पहले कदम के तौर पर देखा गया था। सिंह ने तब कहा था कि वह और सिद्धू ऐसी मुलाकातें करते रहेंगे।
सिद्धू ने साल 2019 में स्थानीय निकाय मंत्रालय वापस लिये जाने के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से कांग्रेस के केन्द्रीय नेतृत्व सिद्धू को मनाने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में दोनों नेताओं के बीच मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस नेता तथा पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत सिद्धू को महत्वपूर्ण पद दिये जाने का समर्थन कर रहे हैं। रावत ने 10 मार्च को सिद्धू से मुलाकात की थी। सिद्धू ने कहा था, ”हरीश रावत जी ने मुझे बुलाया था। मुलाकात सकारात्मक रही।”


Download Android App
Download iOS App



