पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के बीच की लड़ाई में कांग्रेस बुरी तरह पिस रही है। प्रदेश कांग्रेस में मची कलह के बीच नवजोत सिंह सिद्धू ने पार्टी आलाकमान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उन्हें निर्णय लेने नहीं दिए गए तो ‘मैं ईंट से ईंट बजा दूंगा’। उनके इस बयान पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने चुटकी लेते हुए सिद्धू को मिस्त्री बता दिया।
अनिल विज ने शनिवार को बोलते हुए कहा कि पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू उर्फ मिस्त्री अपने ही घर की ईंट से ईंट बजाने की बात कर रहे हैं। जब कोई मिस्त्री अपने ही घर की ईंटें उठाकर फेंकने लग जाए तो समझो कि अब उस घर के धराशायी होने में देर नहीं है।
कांग्रेस कलह पर मनीष तिवारी का शायराना तंज- हम आह भी भरते हैं तो हो जाते हैं बदनाम, वो कत्ल भी…..
वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने सिद्धू की इस टिप्पणी पर कहा कि “सभी लोग सभ्य हैं और उन्हें मालूम है कि उन्हें क्या करना है। सबके बोलने का तरीका अलग होता है इसलिए विद्रोही नहीं कहा जा सकता।” वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर पार्टी की चुप्पी पर नाराजगी जताई है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को अमृतसर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सिद्धू ने कहा, ‘मैंने आलाकमान से सिर्फ एक ही बात कही है। अगर मैं लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करता हूं और पंजाब मॉडल को लागू करता हूं, तो मैं अगले 20 वर्षों तक कांग्रेस को राजनीति में हारने नहीं दूंगा। लेकिन अगर आप मुझे निर्णय लेने नहीं देते हैं, तो ‘मैं ईंट से ईंट बजा दूंगा’ क्योंकि दर्शनी घोड़ा होने का कोई फायदा नहीं है।’


Download Android App
Download iOS App



