Punjab Budget : 1.13 लाख किसानों का कर्ज माफ, बुजुर्गों की पेंशन 750 रुपए से बढ़ाकर 1500 महीना

Summary :

पंजाब सरकार ने राज्य विधानसभा में वर्ष 2021- 22 के लिए 1,68,015 करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया जिसमें फसल रिण माफी योजना के तहत 1.13 लाख किसानों के 1,188 करोड़ रुपए का कर्ज माफ करने का प्रस्ताव किया गया है।

पंजाब की अमरिंदर सरकार ने आज वर्ष 2021- 22 के लिए 1,68,015 करोड़ रुपए का अपना आखिरी बजट पेश किया। बजट में राज्य सरकार ने 1.13 लाख अन्नदाताओं का 1,188 करोड़ रुपए का कर्ज माफ करने का ऐलान किया हैं। वहीं महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। 
पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने राज्य विधानसभा में 2021- 22 का बजट पेश करते हुए राज्य में बुजुर्गों की पेंशन 750 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये महीना करने की भी घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने शगुन योजना के तहत दी जाने वाली राशि को भी 21 हजार रुपये से बढ़ाकर 51,000 रुपये करने का प्रस्ताव किया। 
वित्त मंत्री बादल ने कहा कि फसल रिण माफी योजना के अगले चरण में राज्य सरकार 1.13 लाख किसानों का 1,186 करोड़ रुपये और भूमिहीन किसानों का 526 करोड़ रुपए का फसल कर्ज माफ करेगी। पंजाब सरकार ने किसानों के लिए ‘कामयाब किसान, खुशहाल पंजाब’ स्कीम की शुरुआत की है। 
इस स्कीम के तहत फाजिल्का में सब्जियों के लिए उत्कृष्टता समेत कई अन्य सुविधाएं दी जाएंगी। इसके लिए तीन साल में 3780 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। 2021-22 के बजट में 1,104 करोड़ आवंटित किए गए। बता दें कि राज्य की अमरिंदर सिंह सरकार के मौजूदा कार्यकाल का यह आखिरी बजट है। राज्य में अगले साल के शुरुआती महीनों में चुनाव होने हैं। 

Desk Team