लुधियाना-तरनतारन : पिछले दिनों 4 सितंबर की रात पंजाब के भारत-पाक सरहदी जिले तरनतारन स्थित गांव पंडोरी गोला में स्थित खाली प्लाट में हुए धमाके के दौरान 2 लोगों की मौत हुई थी और जिसमें एक शख्स गंभीर जख्मी हुआ था, मृतकों की पहचान विक्की और हैप्पी सिंह के रूप में हुई थी जबकि जख्मी की पहचान गुरजंट सिंह के तौर पर हुई।
धमाके में जख्मी गुरजंट सिंह को तरनतारन के प्राइवेट अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया था। एनआइए की टीम तरनतारन पुलिस के साथ घटना स्थल पर जांच मेंं जुटी हुई थी कि पता चला कि रात के अंधेरे में खेत की जा रही खुदाई के दौरान यह हादसा हुआ था। इसी जांच में एनआइए ने निजी अस्पताल में भर्ती गुरजंट सिंह जंटा को गिरफ्तार कर लिया है। गुरजंटा इस विस्फोट में घायल हो गया था।
एनआइए की टीम डीएसपी डीके पाठक की अगुवाई में वीरवार को गुरजंट सिंह जंटा से पूछताछ कर रही थी। गुरजंट सिंह जंटा का अस्पताल में इलाज चल रहा था। एनआइए ने अस्पताल में भर्ती जंटा के इलाज का 10 लाख रुपये बिल अदा किया और इसके बाद उसे अपने साथ लेकर दिल्ली रवाना हो गई।
स्मरण रहे कि तरनतारन के पास 4 सितंबर की रात को हुए बम विस्फोट के मामले में धमाके के बाद एनआइए, एसएफएल, बीडीडीएस, एनजीएस, आइबी अलावा पंजाब पुलिस द्वारा अपने-अपने स्तर पर जांच शुरु की गई। इस मामले में तरनतारन ज़िले की पुलिस ने अभी तक सात आरोपितों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए यह केस एनआइए को सौंप दिया गया था। एनआइए की टीम अब इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



