पंजाब पुलिस की खुफिया शाखा ने सोमवार को गैंगस्टर से आतंकवादी बने अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श दल्ला के दो करीबी सहयोगियों को गिरफ्तार किया और दावा किया कि उन्होंने विदेश में स्थित राष्ट्र-विरोधी तत्वों के राज्य की शांति भंग करने के संभावित प्रयासों को विफल कर दिया है।
एसएसओसी की टीम ने किया गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान हर्ष कुमार और राघव के रूप में हुई है, जो मोगा जिले के कोट इसे खान के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक विदेश निर्मित एमपी-5 बंदूक और 44 कारतूस भी बरामद किए हैं।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक वी के भवरा ने एक बयान में कहा कि एक खुफिया नीत अभियान के तहत अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) की एक टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया।
काम बदलें दो बार रकम भेज चुका हैं दल्ला
उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान हर्ष ने खुलासा किया कि वह मोगा के शादीवाला गांव के गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के जरिए दल्ला के संपर्क में आया था, जिसे पुलिस ने जनवरी 2022 में ग्रेनेड और हथियारों की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। डीजीपी ने कहा कि गोपी की गिरफ्तारी के बाद, दल्ला ने ऐप्स के माध्यम से हर्ष के साथ संपर्क स्थापित किया और उसे अपने लिए काम करने के लिए प्रेरित किया, जबकि दल्ला ने उसे कम से कम दो मौकों पर रकम भी भेजी थी।
दल्ला ने कनाड़ा में ले रखी हैं शरण
राज्य के पुलिस प्रमुख ने कहा कि वर्तमान खेप की व्यवस्था भी दल्ला ने की थी। एसएसओसी अमृतसर के अतिरिक्त महानिरीक्षक सुखमिंदर मान ने कहा कि आगे की जांच यह पता लगाने के लिए की जा रही है कि आरोपी को हथियार किस माध्यम से मिला और किस मकसद से उसे दिया गया।
इस संबंध में एसएसओसी, अमृतसर में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दल्ला को भी नामजद किया गया है। बयान के मुताबिक, दल्ला मोगा का रहने वाला है और अब कनाडा में रहता है।


Download Android App
Download iOS App



