चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह राज्य के बेरोजगार नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के मकसद से नयी स्कीम अधीन पहले चरण के अंतर्गत 100 उबेर बाइक टैक्सियों को हरी झंडी दिखाएंगे। उबेर कंपनी की दक्षिणी एशिया की सार्वजनिक नीति की डायरेक्टर श्वेता राजवर्ष कोहली ने आज यहां मुख्यमंत्री के साथ मीटिंग करके इस स्कीम को शुरू करने संबंधी अंतिम रूप दिया। इसके साथ अगले एक वर्ष में पंजाब में रोजगार के 10,000 और मौके पैदा होंगे।
श्री कैप्टन के साथ मीटिंग के बाद कोहली ने बताया कि अगले पांच वर्षों में इस स्कीम अधीन 45,000 नौकरियों के अवसर पैदा किए जाएंगे। श्री कैप्टन ने मई महीने में कांग्रेस पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र में किए वायदे मुताबिक सरकार के ‘अपनी गाड़ी अपना रोजगार’ के अंतर्गत सूबो में बाइक टैक्सी शुरू की स्वीकृति दी थी। उबेर कंपनी के प्रतिनिधि के साथ आज की मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी की तरफ से पंजाब में 7-सीटों वाली वैन चलाने पर भी विचार किया जा रहा है।
– उमा शर्मा


Download Android App
Download iOS App



