पंजाब में विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो गया है, लेकिन सत्र के पहले ही दिन सदन में भारी हंगामा हुआ। दरअसल, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) विधायकों ने पंजाब विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में सोमवार को नारेबाजी की।
आम आदमी पार्टी के विपक्ष के नेता हरपाल सिंह चीमा और लोक इंसाफ पार्टी के नेताओं ने भी राज्यपाल के प्रवेश स्थल पर पहुंचकर जोर-जोर से नारेबाजी की और सदन की कार्यवाही में हस्तक्षेप किया। विधायकों ने राज्यपाल के विधानसभा परिसर में पहुंचने पर गो-बैक के नारे भी लगाए। इससे पहले, आम आदमी पार्टी के विधायक साइकिल से विधानसभा पहुंचे।
राज्यपाल वी पी सिंह बदनौर ने जैसे की सदन को संबोधित करना शुरू किया, विक्रम सिंह मजीठिया के नेतृत्व में शिअद विधायकों ने नारे लगाने शुरू कर दिए। वे सदन के बीचों बीच पहुंचे और उन्होंने हवा में कुछ पन्ने भी उछाले। उन्होंने राष्ट्रपति को संशोधित विधेयक नहीं भेजने को लेकर राज्यपाल से तीखे सवाल किए। पंजाब विधानसभा ने केंद्र के कृषि कानूनों को दरकिनार करने के लिए पिछले साल संशोधन विधेयक पारित किए थे। राज्यपाल ने सदन में हो रहे भारी हंगामें के बीच विधानसभा की कार्यवाही को दोपहर तक के लिए स्थगित कर दिया।


Download Android App
Download iOS App



