भगवंत मान के बयान पर VHP का पलटवार, गरिमा पर उठाए सवाल

Summary :

ऑपरेशन सिंदूर पर भगवंत मान के बयान से बढ़ा विवाद

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ऑपरेशन सिंदूर पर दिए बयान से विवाद बढ़ गया है। विहिप के प्रवक्ता विनोद बंसल ने मान पर हिंदू महिलाओं और सेना की वीरांगनाओं का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मान संवैधानिक पद की गरिमा नहीं समझते और भाजपा की आलोचना करते हुए गलत बयानबाजी कर रहे हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता भगवंत मान के ऑपरेशन सिंदूर पर दिए हालिया बयान पर विवाद जारी है। बुधवार को विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मान भाजपा की आलोचना करते-करते हिंदू महिलाओं और सेना की वीरांगनाओं का अपमान करने लगे। भगवंत मान के ऑपरेशन सिंदूर पर दिए विवादित बयान पर विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने पत्रकारों से कहा, “भगवंत मान पहले कॉमेडी किया करते थे और आज संवैधानिक पद पर बैठे हैं, लेकिन उसकी गरिमा को नहीं समझते हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि वह दुष्ट प्रवृत्ति के हैं। आज वह भाजपा की आलोचना करते-करते देश की हिंदू महिलाओं और सेना की वीरांगनाओं का अपमान कर रहे हैं। सिंदूर तो माता दुर्गा के मंदिर में भी वितरित किया जाता है। माता सीता के प्रति प्रेम को देखते हुए हनुमान जी ने अपने पूरे बदन पर सिंदूर लगा लिया था, लेकिन भगवंत मान को यह पता नहीं। भाजपा कहां और कब सिंदूर घर-घर बांट रही है? यह सिर्फ प्रधानमंत्री को नीचा दिखाने के लिए झूठी अफवाह फैलाई जा रही है।”

पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, चंडीगढ़ के निजी स्कूलों को मिली राहत

दरअसल, मंगलवार को पंजाब कैबिनेट की बैठक में भगवंत मान ने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर सिंदूर बांटने का काम कर रहे हैं, जो बहुत ही दुखद है। सिंदूर का मजाक उड़ाया जा रहा है, बीजेपी ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर वोट मांग रही है, वे हर घर में सिंदूर भेज रहे हैं। कौन सा व्यक्ति अपनी पत्नी से मोदी के नाम पर सिंदूर लगाने के लिए कहेगा? ‘क्या यह एक राष्ट्र, एक पति’ योजना है?”

लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरएसएस पर दिए गए हालिया बयान पर बंसल ने कहा, “वह इटालियन पुत्र हैं। अगर उनकी पार्टी के नेता भारत की तरफ से डेलिगेशन में गए हैं और भारत का गुणगान कर रहे हैं तो वह भी उन्हें अच्छा नहीं लग रहा है। यह सब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से घबराए हुए हैं, इसकी कामयाबी इन लोगों को अच्छी नहीं लग रही है, इसलिए आरएसएस कार्यकर्ताओं की सुपारी देते चल रहे हैं।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.