राजस्थान की राजधानी जयपुर में पुलिस ने आईपीएल के क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाने के आरोप में दस लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि गुजरात के वडोदरा शहर में सट्टा लगा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आयुक्त आनन्द श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि जयपुर शहर में आईपीएल में सट्टे पर अंकुश लगाने के लिए की गई कार्रवाई के तहत मुहाना एवं चित्रकूट थाना क्षेत्रों में सट्टा लगाने के आरोप में दस लोगों को गिरफ्तार कर करोड़ रूपये का हिसाब, 28 मोबाईल एवं सट्टा उपकरण बरामद किए गए हैं। अति। पुलिस आयुक्त (अपराध) प्रसन्न कुमार खमेसरा ने बताया कि मुहाना थाना क्षेत्र में केसर नगर चौराहा के पास एक नरेश धनवानी ने फ्लैट किराए से ले रखा था जिसमें वह आईपीएल क्रिकेट मैच में सट्टेबाजी करवाता था।
मुखबिर से इसकी जानकारी मिलने पर अपराध शाखा और मुहाना थाने पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए धनवानी के फ्लैट में दबिश आईपीएल में चल रहे क्रिकेट मैच पर ऑनलाईन इलैक्ट्रोनिक उपकरणों के माध्यम से सट्टे की खाईवाली करते नरेश धनवानी (37) सुरेश चन्द शर्मा, योगेश(34) एवं रणजीत सिंह ( 26) गिरफ्तार किया। खमेसरा ने बताया कि इनके पास से 14 मोबाईल, एक लैपटॉप, 6 चार्जर, एक एलईडी, 15,800 रूपये, केलकुलेटर एवं सट्टे के हिसाब किताब के रजिस्टर बरामद किए गए।
सोनू उर्फ योगेश के खिलाफ पहले भी जयपुर में विभिन्न थानों में मारपीट, फायरिंग, आर्म्स एवं डकैती के प्रयास सहित कई प्रकरण दर्ज हैं। इसी तरह चित्रकूट थाना क्षेत्र के श्याम एनक्लेव में प्लॉट नम्बर बी-58, अर्पित नगर में आईपीएल क्रिकेट मैच बेंगलुरु एवं पंजाब के मैच पर सट्टा लगाते पुलिस ने दबिश देकर जयपुर के संजय खटीक (32), मनोज कुमार (30),महेश कुमार (32), अमित गर्ग (28), मीनाल बर्मन (21) एवं कमलेश गंगवाल (28) को गिरफ्तार करके उनसे 14 मोबाईल, एक एलईडी, एक सैट टॉप बॉक्स, तीन चार्जर एवं सट्टे के हिसाब किताब की पर्चियां बरामद कीं।
इस बीच गुजरात में वडोदरा शहर के पाणीगेट क्षेत्र में अपराध शाखा की टीम ने क्रिकेट पर सट्टा लगा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर वाघोडिया रोड पर डी मार्ट के निकट एकसेल नामक शूज के गोदाम पर शनिवार की रात छापा मारा गया। इस दौरान वहां मुंबई इंडियन और राजस्थान रॉयल क्रिकेट टीमों के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर मोबाइल फोन से सट्टा लगा रहे वडोदरा निवासी राहुल एस शेठ (40) को पकड लिया गया। उससे 38 हजार 460 रुपये नकद सहित 68 हजार 460 रुपये का सामान जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



