राजस्थान के बारां और झालावाड़ जिले की सीमा पर अकलेरा नगर के नजदीक परवन नदी में नौका के बह जाने की घटना के चार दिन बाद आज प्रशासन ने नदी में अवैध रूप से संचालित हो रही 17 नावों को हटाने की कार्यवाही की।
झालावाड़ जिले के अकलेरा नगर के पास गत मंगलवार को परवन नदी उफान पर थी और उसे पार करते समय एक नौका उलट गई थी। इस हादसे में आठ लोगों की मृत्यु हो गई थी जिसमें सात के शव कल ही बरामद किये गये जबकि एक महिला का शव हादसे वाले दिन ही मिल गया था।
अधिकारिक जानकारी के अनुसार बरसात के मौसम में अकलेरा-हरनावदा शाह जी सड़क मार्ग बंद हो जाने पर परवन नदी पार करवाने के लिये संचालित होने वाली नौकाओं के मालिकों के खिलाफ प्रशासन ने आज कार्यवाही की। पुलिस के सहयोग से प्रशासनिक अमले ने नदी पर संचालित होने वाली ऐसी 17 नावों को हटाया और उनको संचालित करने वाले नाविकों को भविष्य में नाव नहीं चलाने के लिये पाबंद किया।
राज्य के जल संसाधन सचिव जे.सी। मोहंती ने यहां पहुंचकर परवन नदी के उस स्थान का दौरा किया जहां यह हादसा हुआ था। उन्होंने भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिये उनके साथ गये स्थानीय जिला अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिये।


Download Android App
Download iOS App



