Amit Shah on Vande Mataram : राजस्थान के चित्तौड़गढ़ पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘वंदे मातरम्’ विवाद को लेकर कांग्रेस और सोनिया गांधी पर हमला बोला है। गृहमंत्री ने कहा कि वोट बैंक की खातिर कांग्रेस ने ‘वंदे मातरम्’ को भुला दिया और पार्टी मुख्यालय में इसे पूरा गाने से रोका गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी के कहने पर राष्ट्रगीत को बीच में रोकने का प्रयास किया गया। शाह ने तीखे लहजे में कहा कि 140 करोड़ लोग सब देख रहे हैं और इस पाप के लिए देश की जनता सोनिया गांधी को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस को बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और देश की जनता से हाथ जोड़कर माफी मांगनी चाहिए।
‘कांग्रेस की निर्लज्जता’
अमित शाह ने आगे कहा, “कांग्रेस की निर्लज्जता देखिए। पार्टी मुख्यालय में वंदे मातरम् गाया जा रहा था। तभी सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से गीत रोकने को कहा। हम सब टीवी पर देखते रह गए। 80 साल बाद बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय का यह अमर गीत फिर से सम्मान पा रहा है, लेकिन सोनिया गांधी को यह भी रास नहीं आया। सोनिया जी, 140 करोड़ लोग आपको देख रहे हैं।”
गृह मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा, “आपने जो गलती की है, देश की जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी। कोई सपने में भी कैसे सोच सकता है कि वंदे मातरम् को अधूरा छोड़ दिया जाए? कांग्रेस वालों को शर्म आनी चाहिए। अगर थोड़ी भी शर्म बची है, तो दोनों हाथ जोड़कर बंकिम बाबू और देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।”
भाजपा नेताओं का आरोप
इधर, बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स (X) पर दावा किया कि शुरुआती पंक्तियां गाए जाने के बाद सोनिया गांधी परेशान हो गईं और उन्होंने इसे पूरा बजाने के बजाय रुकवाने का प्रयास किया।
वहीं, बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पीएम मोदी के संकल्प के तहत यह पहला मौका है जब ‘वंदे मातरम्’ को पूरा गाया गया है। हालांकि, कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए सफाई दी है कि सोनिया गांधी केवल पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए बैठने की व्यवस्था और कुर्सी मांग रही थीं।
यह भी पढ़ें – स्कूल में पेटीज खाने के बाद 12वीं के छात्र की मौत, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप; लोगों का भारी प्रदर्शन



Download Android App
Download iOS App



