राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने विधानसभा में उठाया ‘जय श्री राम’ का मुद्दा

Summary :

विधानसभा में सोमवार को अशोक गहलोत ने कहा, “मैं सभी को राजस्थान में अच्छी बारिश होने पर बधाई देता हूं। भगवान इंद्र की हम सभी पर कृपा हुई।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा में हलके-फुल्के अंदाज में ‘जय श्री राम’ के मुद्दे को उठाकर सभी को चौंका दिया। विधानसभा में सोमवार को गहलोत ने कहा, “मैं सभी को राजस्थान में अच्छी बारिश होने पर बधाई देता हूं। भगवान इंद्र की हम सभी पर कृपा हुई।”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसते हुए मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा, “इंद्र देव का नाम ले सकता हूं न मैं, उन पर आपका कब्जा नहीं रहा। ‘जय श्री राम’ पर आपने कब्जा कर लिया है, कब्जा करना गलत है।” उन्होंने आगे कहा, “‘जय श्री राम’ कहना भगवान राम के गुणों को दर्शाता है। गुस्से और हिंसा के भाव को भड़काने के लिए उनके नाम का उच्चारण करना अच्छी बात नहीं है।”
उन्होंने कहा, “इसी तरह से कोई अल्लाह हू अकबर बोले और किसी को इस पर आपत्ति हो या कोई उसे जबरदस्ती ऐसा कहने को कहे यह बात भी ठीक नहीं है।” अशोक गहलोत ने कहा, “अगर हम लोगों को जबरन ‘जय श्री राम’ कहने को कहेंगे, तो देश कहां जाएगा।” 

Desk Team