राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोविड-19 पर प्रभावी नियंत्रण के लिए देश में एकीकृत एवं समग्र प्रयासों की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है।
पत्र में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि केन्द्र सरकार देश में कोविड पर नियंत्रण के लिए एकीकृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) निर्धारित करे और 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के सभी लोगों के लिए टीकाकरण प्रारंभ करवाए। गहलोत ने कहा कि कोविड नियंत्रण को लेकर राज्यों की अलग-अलग रणनीति, अन्तरराज्यीय मुद्दों जैसे (यात्रा के लिए कोविड टेस्ट की अनिवार्यता, लाकडाउन, रात्रि कर्फ्यू, शिक्षण संस्थाओं के संचालन) आदि विषयों को लेकर राज्यों में आपसी समन्वय की कमी है। जिसके चलते आमजन में भ्रम एवं भय की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से इस स्थिति को दूर करने का आग्रह करते हुए कहा कि इसके लिए देश में समग्र एवं एकीकृत प्रयासों की महती आवश्यकता है।


Download Android App
Download iOS App



