देश के विभिन्न भागों में अब तक सैकड़ों पक्षियों की मौत के मामले सामने आए। वहीं, केंद्र सरकार ने कहा कि अब तक 10 राज्यों में बर्ड फ्लू प्रकोप की पुष्टि हो चुकी है। इस बीच राजस्थान के 33 जिलों में से 15 जिलों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। राज्य में 3,000 से अधिक पक्षी इस बीमारी के चलते मारे गए हैं। चार पक्षियों की मौत के बाद जयपुर चिड़िय़ाघर को बंद कर दिया गया है। मंगलवार को अधिकारियों ने ये जानकारी दी।
मुख्य वन्यजीव वार्डन मोहनलाल मीणा ने कहा कि चार ब्लैक स्टार्क्स और कुछ बतख सोमवार को जयपुर चिड़ियाघर में मृत पाए गए, जिसके बाद चिड़ियाघर को बंद कर दिया गया। कुछ पक्षी बीमार भी पाए गए। उनके नमूने जांच के लिए भोपाल लैब भेजे गए हैं।
जयपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, पाली, बारां, कोटा, बांसवाड़ा, सिरोही और प्रतापगढ़ जिलों में बर्ड फ्लू या एवियन इन्फ्लुएंजा की पुष्टि हुई है। सोमवार को टोंक और करौली में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। पिछले 24 घंटों में, 264 और कौवे मृत पाए गए। इसके साथ ही राज्य में कौवों की मौतों की कुल संख्या 2,500 पहुंच गई। राजस्थान में 180 मोर, 190 कबूतर भी मृत पाए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



