राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के ‘जीजा जी’ वाले ट्वीट को लेकर बिहार बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी ने इस ट्वीट पर आरजेडी को आड़े हाथों लेते हुए पूछा, क्या आरजेडी परिवार समाज की बहनों का सम्मान भी भूल गए? आरजेडी ने ये ट्वीट जेडीयू के दिग्गज नेता और सांसद लल्लन सिंह की एक टिप्पणी पर किया।
बीजेपी के दिग्गज नेता भूपेंद्र यादव ने कहा था कि खरमास के बाद आरजेडी में बड़ी टूट होगी, तेजस्वी अपनी पार्टी को टूटने से बचा लें। उनके इसी बयान पर जेडीयू सांसद लल्लन सिंह ने कहा कि आरजेडी के बारे में भूपेंद्र यादव ने ठीक ही कहा है। वे जिस दिन चाह लेंगे, उस दिन आरजेडी का बीजेपी में विलय हो जाएगा।
इनके इस बयान पर आरजेडी ने अपने अधिकार ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा, ये जीजा जी की नहीं समर्पित कार्यकर्ताओं की पार्टी है। अरुणाचल प्रदेश में किसकी पार्टी का किसने विलय किया? आरजेडी के ट्वीट पर बिहार बीजेपी प्रवक्ता निखिल आनंद ने पलटवार करते हुए रीट्वीट किया।

उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ऐश्वर्या से विवाह के बाद तेजप्रताप को जीजा बनाने का गर्व क्या राजद परिवार को इतना है कि समाज की बहनों का सम्मान भी भूल गये? पार्टी के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से घटिया बयान जारी करते वक्त क्या समाज की बहनों- बेटियों के प्रति क्षुद्र-दरिद्र-कुंठित मनोभाव प्रदर्शित नहीं किया गया है??
दरअसल, बीजेपी नेता भूपेंद्र यादव ने रविवार को पटना में आयोजित पार्टी के एक बैठक में कहा कि खरमास में कोई शुभकार्य नहीं होता है। खरमास के बाद बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार हो जाएगा और जल्द ही आरजेडी में टूट हो जाएगी। भूपेंद्र यादव के इस बयान के आने के बाद जेडीयू ने इस पर मुहर लगा दी है, वहीं आरजेडी के नेता इसे इनकार कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



