विधानसभा में भाजपा के उपनेता ने विधायक और पूर्व मंत्री के व्यवहार के लिये सदन में माफी

Summary :

राजस्थान विधानसभा में भाजपा के उपनेता द्वारा पार्टी विधायक और पूर्व मंत्री के व्यवहार के लिये सदन में माफी मांगने के बाद भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी बुधवार को विधानसभा की कार्यवाही में शामिल हुए।

राजस्थान विधानसभा में भाजपा के उपनेता द्वारा पार्टी विधायक और पूर्व मंत्री के व्यवहार के लिये सदन में माफी मांगने के बाद भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी बुधवार को विधानसभा की कार्यवाही में शामिल हुए। जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई विधानसभा में भाजपा के उपनेता राजेन्द्र राठौड़ ने कहा,’ ‘ (विधानसभा) अध्यक्ष महोदय अगर किसी कृत्य से आसन आहत हुआ है, तो हम उसके लिए क्षमता याचना करते हैं और भविष्य में इस प्रकार की बात नहीं हो, इसका ध्यान रखेंगे।” 
उल्लेखनीय है कि सोमवार को भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी को दिन भर के लिए सदन की कार्यवाही से बाहर कर दिया गया था। इसके विरोध में विपक्ष ने सदन से बहिर्गमन किया था। इस मुद्दे को लेकर विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी भाजपा सदस्यों से खासे नाराज हुए थे। दरअसल देवनानी जयपुर में एक धरने के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं की कथित तौर पर पिटाई से जुड़ा मुद्दा उठाने की कोशिश कर रहे थे। 
विधानसभा अध्यक्ष ने व्यवस्थाओं का हवाला देते हुए इसकी अनुमति नहीं दी। देवनानी शांत नहीं हुए तो विधानसभा अध्यक्ष जोशी ने संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल से देवनानी को दिन भर के लिए कार्यवाही से बाहर करने का प्रस्ताव लाने को कहा जिसे ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। इसके बाद भाजपा के सभी विधायकों ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया था। राठौड़ के बयान के बाद सदन की कार्यवाही नियमित रूप से चली और देवनानी सहित भाजपा के सभी विधायक शामिल हुए। 

Desk Team