राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा अलवर जिले के थानागाजी में सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में गुरूवार को सभी जिला मुख्यालयों पर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करके राज्यपाल के नाम ज्ञापन देगी। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी ने आज यहां पत्रकारों को बताया कि थानागाजी के सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस अधीक्षक पर कार्रवाई करके पूरी सरकार बरी होना चाहती है। सरकार ने इस विषय में केवल पुलिस अधीक्षक को एपी)ओ करके इस घटना को हल्के में लिया है।
उन्होंने बताया कि भाजपा की ओर से सुबह 11 बजे सभी जिलों में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस विषय में पार्टी द्वारा कल गठित की गयी तीन सदस्यीय जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। इस समिति में राज्यसभा सांसद रामकुमार वर्मा, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा तथा राज्य वित्त आयोग की पूर्व अध्यक्ष डॉ. ज्योति किरण शुक्ला थे।
इस अवसर पर समिति के सदस्य सांसद रामकुमार वर्मा ने बताया कि समिति ने मामले की पीडिता, उसके परिजन, ग्रामवासी, स्थानीय मीडिया, पुलिस अधीक्षक तथा जिला कलेक्टर से चर्चा करके मामले की पूरी जानकारी ली है। इस मामले में स्थानीय पुलिस का व्यवहार निंदनीय रहा है। ग्रामवासी, पीडिता तथा उनके परिजन सदमें में हैं। गृह मंत्रालय की लापरवाही के कारण यह मामला ज्यादा बिगड़ गया। इसलिए मुख्यमंत्री को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए नैतिकता के आधार पर तुरन्त इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में होने वाले राजनीतिक नुकसान से बचने के लिए प्रशासन एवं सरकार ने इस मामले को दबाये रखा।


Download Android App
Download iOS App



