विकास की जरूरतों को पूरा करने वाला होगा बजट : सीएम वसुंधरा राजे

Summary :

NULL

राजस्थान सीएम वसुंधरा राजे ने आज बजट को लेकर कहा कि राज्य सरकार का पूरा प्रयास है कि राज्य का आगामी बजट प्रदेश के विकास की जरूरतों और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला हो।

सीएम राजे ने कहा कि हमने बजट प्रक्रिया में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया है। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों से सुझाव लेकर धरातल की वास्तविकता पर आधारित बेहतर बजट तैयार किया जाएगा।

सीएम वसुंधरा राजे ने आज स्वैच्छिक संगठनों, सिविल सोसायटी तथा उपभोक्ता मंच के प्रतिनिधियों के साथ बजट पूर्व संवाद की पहली बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि बीते चार साल सालों में बजट के माध्यम से प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। इस विकास गाथा में जनता की अहम भागीदारी रही है।

उन्होंने कहा कि संवाद से ही विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों के बारे में जानकारी मिलती है। सभी के बहुमूल्य सुझावों से हम प्रदेश को तरक्की की राह पर ले जा रहे हैं। बजट को लेकर सारगर्भित एवं तार्किक सुझाव प्राप्त हों, इसके लिए हमने पूरे प्रदेश के सामने ऑनलाइन सुझाव देने का विकल्प भी रखा है। इसके माध्यम से हमें लगातार जनता के सुझाव मिल रहे हैं, जिन्हें विभागीय परीक्षणों के बाद बजट में सम्मिलित करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वैच्छिक संगठनों, सिविल सोसायटी तथा उपभोक्ता मंच के प्रतिनिधियों ने बजट को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इस अवसर पर गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया, कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अख़बार।

Desk Team