जयपुर : राजस्थान सरकार ने राष्ट्रीय एवं राज्य-स्तरीय शिक्षक सम्मान प्राप्त शिक्षकों के लिए राज्य रोडवेज की बसों में किराया माफ करने का फैसला किया है।
इसके अलावा ऐसे शिक्षकों को राजस्थान आवासन मण्डल द्वारा निर्मित फ्लैट अथवा भूखण्ड रियायती दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस बारे में स्कूल शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है।
प्रस्ताव के अनुसार राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बसों से राजस्थान में यात्रा करने पर सम्मानित शिक्षकों को यात्रा किराए में वर्तमान में देय 50 प्रतिशत की रियायत को बढ़ाकर 100 प्रतिशत किया जाएगा।
सरकारी बयान के अनुसार इसके साथ ही सम्मान प्राप्त शिक्षकों द्वारा गठित पंजीकृत सोसायटी की ओर से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर राज्य सरकार इन शिक्षकों को राजस्थान आवासन मण्डल द्वारा निर्मित फ्लैट अथवा भूखण्ड रियायती दर पर उपलब्ध कराने पर निर्णय करेगी।
इस निर्णय से इन पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को एमआईजी अथवा एलआईजी स्तर के फ्लैट या 150 वर्ग गज क्षेत्रफल के भूखण्ड रियायती दर पर उपलब्ध हो सकेंगे।


Download Android App
Download iOS App



