मुख्यमंत्री गहलोत ने लगवाया कोरोना प्रतिरक्षण टीका, ट्वीट कर कहा – डरें नहीं, यह सुरक्षित है

Summary :

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और चिकित्सा मंत्री डा रघु शर्मा को शुक्रवार को यहां कोरोना वायरस प्रतिरक्षण टीके की पहली खुराक लगाई गयी।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और चिकित्सा मंत्री डा रघु शर्मा को शुक्रवार को यहां कोरोना वायरस प्रतिरक्षण टीके की पहली खुराक लगाई गयी। गहलोत ने ट्वीट किया,’यहां आईडीएच जयपुर (एसएमएस अस्पताल) पहुंचकर कोरोना टीके की पहली खुराक लगवाई।’ 
इसके साथ ही गहलोत ने लिखा कि कोरोना टीके को लेकर डरें नहीं, यह सुरक्षित है, प्राथमिकता क्रम से बारी आने पर टीका लगवाएं और आस-पास के लोगों को भी टीका लगवाने के लिए प्रेरित करें। 

इस अवसर पर चिकित्सा मंत्री शर्मा भी मौजूद थे। उन्होंने टीके की पहली खुराक लगवाने के बाद कहा कि राज्य में टीकाकरण के बाद किसी को कोई दिक्कत नहीं हुई है। टीका पूरी तरह सुरक्षित है और जो टीके को लेकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं उसके पीछे कोई आधार नहीं है। 

गहलोत ने ये भी कहा हमने पहले ही कहा था कि राजस्थान में वैक्सीनेशन का काम भी बहुत अच्छे ढंग से होगा, आप देख रहे हैं कि पूरे राजस्थान के अंदर प्रतिदिन 2-2 लाख, सवा दो लाख लोगों को वैक्सीन लग रही है और पूरे देश का लगभग 25% वैक्सीनेशन राजस्थान में हो रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में टीकाकरण अभियान सही चल रहा है लोग टीका लगवाने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा,’ हमारे पास टीकाकरण के लिए मंगलवार तक का स्टॉक है। मैं आज केंद्रीय मंत्री से बात कर उनसे आग्रह करूंगा कि टीके उपलब्ध करवाएं जाएं ताकि हम इस अभियान को जारी रख सकें।’ 

Ujjwal Jain