राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि जयपुर शहर का माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
शहर के कुछ इलाकों में जारी सांप्रदायिक तनाव के बीच गहलोत ने एक बयान में कहा, “मेरी सभी नागरिकों से गुजारिश है कि वे शान्ति और व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग करें। शान्ति, सद्भाव और भाईचारे की शानदार विरासत को बरकरार रखना हम सभी का फर्ज है। मुझे विश्वास है कि इसमें आप सभी का सहयोग मिलेगा।”
सांप्रदायिक झड़पों के बाद जयपुर में धारा 144 लागू
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान के लोगों में गंगा-जमुनी संस्कृति, साम्प्रदायिक सौहार्द तथा भाईचारे की भावना के साथ रहने की प्रवृत्ति सदैव ही रही है। पूरे देश में राज्य अमन और चैन के लिए जाना जाता है। इसका श्रेय यहां के सभी समुदायों के लोगों को जाता है।
किन्तु विगत कुछ दिनों से जयपुर में कुछ साम्प्रदायिक तत्व राजनीतिक उद्देश्य के कारण इस अमन-चैन को भंग करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्व समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न कर प्रदेश में अशान्ति फैलाना चाहते हैं और कौमी एकता को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



