CM गहलोत और सचिन पायलट ने नौसेना कर्मी अजीत की मौत पर जताया दुख

Summary :

अजीत सिंह (29) एवं हरियाणा निवासी नवीन गुरुवार को आईएनएस गरूड के पास से गुजर रहे थे कि इस दौरान उनके ऊपर हेलीकॉप्टर हेंगर का दरवाजा टूट कर गिर गया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केरल के कोच्चि स्थित नौसेना के बेस में हैलीकॉप्टर हेंगर का दरवाजा टूट कर गिरने से भरतपुर निवासी अजीत सिंह सहित दो नौसेना कर्मियों की मौत हो जाने पर दुख जताया हैं। गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि यह बहुत दुखद और दुर्भार्यपूर्ण हैं कि कोच्चि में दक्षिणी नौसेना कमान बेस पर एक हेलीकॉप्टर हेंगर का दरवाजा गिर जाने से भरतपुर के अजीत सिंह सहित दो नौ सेनाकर्मियों की जान चली गई।

उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। इसी तरह उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी इस घटना पर दुख जताया और उन्होंने ट्वीट कर कहा ‘‘भरतपुर निवासी अजीत सिंह सहित नौसेना के दो नाविकों की केरल के कोच्चि स्थित नौसेना बेस में एयरक्राफ्ट हेंगर का दरवाजा गिरने से हुई मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे एवं शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति दे।’’

उल्लेखनीय है कि भरतपुर जिले के रुदावल थाना क्षेत्र में वस्त्रावली निवासी अजीत सिंह (29) एवं हरियाणा निवासी नवीन गुरुवार को आईएनएस गरूड के पास से गुजर रहे थे कि इस दौरान उनके ऊपर हेलीकॉप्टर हेंगर का दरवाजा टूट कर गिर गया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को नौसेना अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्हें बचाया नहीं जा सका।

Desk Team