जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित प्रमुख नेताओं ने राज्य से सांसद ओम बिरला को लोकसभा अध्यक्ष बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
राज्य के कोटा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद और राजग उम्मीदवार ओम बिरला को बुधवार को सर्वसम्मति से लोकसभा अध्यक्ष चुन लिया गया।

मुख्यमंत्री गहलोत ने ट्विटर पर बिरला को बधाई व शुभकामनाएं दी। वहीं उपमुख्यमंत्री पायलट ने बिरला को बधाई देते हुए लिखा, ‘‘ओम बिरला जी को लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।’’ पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने ट्विटर बधाई दी।

उन्होंने लिखा, ‘‘मुझे विश्वास है, आदरणीय सुमित्रा महाजन ने जिस स्नेह से लोकतंत्र के मंदिर की गरिमा को बनाए रखा, आपकी उपस्थिति उस वैभव को और अधिक बढ़ाएगी।’’ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन लाल सैनी ने बिरला को बधाई देते हुए कहा, ‘‘यह गर्व की बात है कि राजस्थान का कोई सामान्य कार्यकर्ता लोकसभा का अध्यक्ष बना है।’’ राज्य के कई अन्य प्रमुख नेताओं ने भी बिरला को बधाई दी है।


Download Android App
Download iOS App



