राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि स्वास्थ्य सेवा का क्षेत्र है न कि मुनाफा कमाने का। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विधानसभा सत्र में स्वास्थ्य का अधिकार विधेयक (राइट टू हेल्थ) लेकर आ रही है लेकिन निजी डॉक्टर इसका विरोध करते रहे हैं जो सही नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी डॉक्टरों को इस विधेयक के महत्व के बारे में निजी डॉक्टरों को समझाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने आज यहां एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्लेटिनम जुबली कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा ऐसे क्षेत्र हैं जिनका इस्तेमाल व्यापार और मुनाफा कमाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान एसएमएस अस्पताल ने अच्छा काम किया है और अन्य राज्यों से भी लोग इस अस्पताल में इलाज के लिए आते हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए सामाजिक सुरक्षा का अधिकार विधेयक पेश करने की केंद्र सरकार से मांग को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के एक करोड़ लोगों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



