सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्ष दल भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को राजस्थान के वल्लभनगर (उदयपुर), और धारियावाद (प्रतापगढ़) विधानसभा उपचुनाव के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। उल्लेखनीय है कि धारियावाद से भाजपा विधायक गौतम लाल मीणा का 19 मई को कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया था। वहीं वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत का भी 20 जनवरी को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद निधन हो गया था।
कांग्रेस ने नागराज मीना को भाजपा के खेत सिंह मीना के खिलाफ धारियावाद से टिकट दिया
कांग्रेस ने शक्तावत की पत्नी प्रीति शक्तावत को वल्लभनगर से चुनाव मैदान में उतारा है और नागराज मीना को भाजपा के खेत सिंह मीना के खिलाफ धारियावाद से टिकट दिया गया है। वहीं भाजपा ने वल्लभनगर (उदयपुर) सीट पर हिम्मत सिंह झाला और धारियावाद (प्रतापगढ़) के लिये खेत सिंह मीना को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा ने धारियावाद से गौतम लाल मीना के परिवार के किसी सदस्य को टिकट देने की बजाय अन्य नेता खेत सिंह मीना को चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार खेत सिंह को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का समर्थन प्राप्त है। वहीं वल्लभनगर (उदयपुर) सीट पर पार्टी ने स्थानीय राजपूत उम्मीदवार हिम्मत सिंह झाला को टिकट दिया है।
विधानसभा उपचुनाव के लिये नामांकन की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर
दोनों विधानसभा उपचुनाव के लिये नामांकन की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है। 11 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच व संवीक्षा होगी तथा 13 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 30 अक्तूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना दो नवंबर को करवाई जाएगी। राज्य की 200 सीटों वाली विधानसभा में इस समय कांग्रेस के 106 विधायक हैं जबकि भाजपा के 71, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के तीन और माकपा और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के दो-दो विधायक हैं, वहीं 13 निर्दलीय विधायक है। दो सीटें रिक्त हैं।


Download Android App
Download iOS App



