राजस्थान के केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री पी पी चौधरी ने आज कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस मौज मस्ती करने वाली पार्टी है जबकि भाजपा संस्कारवान पार्टी है। कांग्रेस पूरे देश में जातिवाद का जहर उगल रही है जिससे उसी की जड़ उखड़ रही है।
पी पी चौधरी आज अजमेर में भाजपा के केन्द्रीय चुनाव कार्यालय पर संवाददाताओं से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को नियंत्रित करने में कभी कोई काम नहीं किया। उनके समय में 16 लाख कंपनियां पंजीकृत रही जिसमें से महज 11 लाख 74 हजार कंपनियां ही सक्रिय रही, जिनके खाते, टैक्स और कंपनी का संचालन व्यवस्थित रहा।
उन्होंने बताया कि 2 लाख 26 हजार कंपनियों को भाजपा के शासन में नोटिस के बाद निरस्त कर दिया गया। इन कंपनियों का फायदा स्वयं कांग्रेस ने उठाया है और कांग्रेस ने ही कंपनियों के गोरख धंधे को चालू रखवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
उन्होंने बताया कि निरस्त की गई कंपनियों के कई भेद जल्द ही खुलने वाले है। ऐसे कार्य देश की जनता के खिलाफ कांग्रेस जैसी पार्टी ही कर सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी मार्च तक एक लाख से ज्यादा कंपनियों को और चिन्हित किया जा सकेगा जिनमें गड़बड़ झाला संभावित है। कांग्रेस ने कभी भी जनहित में इस तरह नियंत्रण का कोई कदम नहीं उठाया जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता में आते ही नियंत्रण करने का कार्य किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने गरीबों के कल्याण के लिए धरातल पर कुछ नहीं किया जबकि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है और पार्टी से ऊपर उठकर राष्ट्र को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेती है। उन्होंने नेशनल हाईवे, उज्जवला योजना, पेट्रोल डीजल आदि पर भी चर्चा की लेकिन पेट्रोल की दरों के नियंत्रण पर विश्व मार्केट को इसका कारण बताते हुए आने वाले दिनों में दरें कम करने का आश्वासन दिया।
फिल्म पद्मावत के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी स्थिति में फिल्म को लेकर देश व प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं देगी।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



