कांग्रेस विधायक ने चिठ्ठी लिख CM गहलोत से की सबसे भ्रष्ट मंत्री को बर्खास्त करने की मांग

Summary :

पूर्व मंत्री और सांगोद से कांग्रेस विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को चिट्ठी लिखकर सबसे भ्रष्ट मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है।

पूर्व मंत्री और सांगोद से कांग्रेस विधायक भरत सिंह कुंदनपुर ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को चिट्ठी लिखकर सबसे भ्रष्ट मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है। बता दें कि मुख्यमंत्री द्वारा मंत्रियों के प्रभार वाले जिले बदलने के बाद भरत सिंह ने सोमवार को यह चिट्ठी लिखी। हालांकि इसमें उन्होंने किसी का नाम नहीं लिखा है, लेकिन सियासत के जानकारों से कुछ छिपा नहीं है। दरअसल, भरत सिंह के निशाने पर हड़ौती के ही एक मंत्री हैं, जिन्हें वो पहले भी निशाने पर लेते रहे हैं। 
भरत सिंह के चिट्ठी लिखने का फायदा बीजेपी को हुआ है क्योंकि भाजपा को बैठे-बिठाए सरकार को घेरने का एक मुद्दा मिल गया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य नेताओं ने भरत सिंह की चिट्ठी के बहाने सरकार और मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। 
भाजपा नेता सतीश पूनिया ने भरत सिंह का पत्र ट्वीट कर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। पूनिया ने लिखा, यह लो जी, एकदम ताजा है और पक्का। जिम्मेदारी से कह सकता हूं कि यह पत्र बीजेपी राजस्थान ने नहीं लिखवाया है। अशोक गहलोत जी, इश्क के इम्तिहां और भी हैं। 

इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर ट्वीट करते हुए लिखा कि लगता है मुख्यमंत्री जी द्वारा कृत फिल्म “नकारा निक्कमा” का भाग 2 भी जल्द ही रिलीज़ होने वाला है !!

Desk Team