भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने भारतीय टीके को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा ट्विटर पर चलाए जा रहे अभियान को आड़े हाथों लेते हुए सोमवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी टीकाकरण को लेकर हमेशा से ही राजनीति करती आई है।
विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने एक बयान में कहा,‘‘देश में टीके के आविष्कार के समय से ही कांग्रेस का दोहरा चरित्र जगजाहिर है। अच्छा रहता, राज्य के कांग्रेस नेता राज्य की बदहाल चिकित्सा व्यवस्था और बढ़ते कोरोना संक्रमण पर चिंता व्यक्त करते। ना कि सोशल मीडिया पर प्रोफाइल पिक्चर बदलकर नाखून कटाकर शहादत में नाम लिखाने की कोशिश करते।’’
वहीं, प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक रामलाल शर्मा ने कहा कांग्रेस पार्टी टीकाकरण को लेकर हमेशा से ही राजनीति करती आई है। शर्मा ने कहा,‘‘ इन कांग्रेस नेताओं से मैं इतना कहना चाहता हूं कि ये राजनीति का वक्त नहीं है। इंसान और इंसानियत को बचाने का वक्त है। आप जिस तरीके की राजनीति कर रहे हैं, देश की जनता उसको देख रही है।’’


Download Android App
Download iOS App



