बंगाल में कोरोना के 19 हजार नए मामलों की पुष्टि, संक्रमण से 147 लोगों ने तोड़ा दम

Summary :

पश्चिम बंगाल में सोमवार को कोविड-19 के 19,003 नए मामले सामने आए, जबकि इस दौरान इसके संक्रमण से 147 मरीजों की मौत हो गयी।

पश्चिम बंगाल में सोमवार को कोविड-19 के 19,003 नए मामले सामने आए, जबकि इस दौरान इसके संक्रमण से 147 मरीजों की मौत हो गयी। स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन जारी कर इस बात की जानकारी दी। बुलेटिन के मुताबिक 19 हजार से अधिक नए मामले सामने आने के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 11,52,433 हो गयी।
राज्य में लगातार दूसरे दिन कोविड-19 के 147 मरीजों की मौत होने से इस महामारी से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 13,431 हो गयी है। बुलेटिन के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 19,101 मरीज संक्रमण मुक्त भी हुए हैं। राज्य में अब तक 10,07,442 लोग इस जानलेवा वायरस को मात दे चुके हैं।
बंगाल में सोमवार को कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,31,560 हो गयी। राजधानी कोलकाता और उत्तर 24 परगना में कोविड-19 के कारण सर्वाधिक 37-37 लोगों की मौत हुई। इसके बाद हावड़ा और दक्षिण 24 परगना में कोरोना संक्रमण के कारण 11-11 लोगों की मौत हुई।

Desk Team