राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश में भय, डर और हिंसा का माहौल बताते हुए कहा है कि कांग्रेस को मजबूत होने की जरुरत है। उदयपुर यात्रा के बाद आज यहां हवाई अड्डे पर पहुंचे गहलोत ने मीडिया से यह बात कही। कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी के नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरना चाहिए। पिछले लोकसभा चुनाव में हम लोग पच्चीस सीटों पर कामयाब नही हो पाए।
कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि कांग्रेस को जिताए, इसलिए हर व्यक्ति मानता है कि कांग्रेस को मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश में इस वक्त भय, डर और हिंसा का माहौल है और लोकतंत्र को खतरा बना हुआ है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को निशाना बताते हुए कहा कि विजय अलग बात है और विजय पचाना अलग बात है, जीतकर बड़े दिल रखना चाहिए। सबको साथ लेकर चलना और जनसमस्याओं को हल करना चाहिए।
राजस्थान में शराबबंदी पर बोले अशोक गहलोत- गुजरात में है प्रतिबंध, फिर भी घर-घर में पी जाती है
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के सवाल पर गहलोत ने कहा कि महाराष्ट्र चुनाव के परिणाम से पता चल जायेगा। उन्होने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राष्ट्रवाद, धर्म और सेना के पीछे छिपकर राजनीति हो रही है। उन्होंने कहा कि हमारी दुश्मनी न भाजपा, न मोदी और न ही आरएसएस से है, हम चुनाव लडेंगे और हमारी विचारधारा हमेशा देश हित के लिए रही है।
प्लास्टिक पर प्रतिबंध के सवाल पर उन्होंने कांच की बोतल दिखाते हुए कहा कि वह खुद भी अब कांच की बोतल का उपयोग करते है। गुटखे पर प्रतिबंध के प्रश्न पर गहलोत ने कहा कि गुटखा बंद तो पहले से ही है, सबके हित के लिए यह निर्णय लिया गया है, क्योंकि उसमें जो केमिकल है, वह लोगों की सेहत के लिए हानिकारक है। इससे पहले उनके हवाई अड्डे पर पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस नेता बद्रीराम जाखड़, मनीषा पंवार, दिव्या मदेरणा सहित कई नेता एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



