राजस्थान में स्थित देश की कोचिंग सिटी कोटा एक बार फिर गोलियों की गूंज की थर्रा उठी है। कोटा शहर में फल-सब्जी मंडी में स्थित एक व्यापारी पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। लेकिन बदमाशों का निशाना चूक गया और व्यापारी बच गए। जानकारी के अनुसार वारदात का शिकार हुआ व्यापारी कैलाश मीणा कोटा में थोक फल-सब्जी मंडी में कैलाश फ्रूट एंड वेजिटेबल कंपनी के नाम से आढ़त की दुकान चलाता है।
कैलाश मीणा शहर के बल्लभबाड़ी कॉलोनी में रहता है। सोमवार को भी वह फल सब्जी मंडी में दुकान पर बैठा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर 6 बदमाश आए। उन्होंने आते ही कैलाश मीणा का नाम जोर-जोर से पुकारते हुए उस पर उसकी जान लेने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग करनी शुरू कर दी। आरोपियों ने कैलाश पर ताबड़तोड़ 5 फायर किए लेकिन निशाना चूक जाने से वह बच गया।
यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर गुमानपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित तथा अन्य व्यापारियों से पूछताछ शुरू की। व्यापारी कैलाश मीणा ने पुलिस को बताया कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। उस पर जिन बदमाशों ने फायरिंग की उन्हें भी वह पहचानता नहीं है।
लेकिन उसने एक घटना का जिक्र करते हुए पुलिस को बताया कि 7-8 साल पहले इस्लामनगर में रहने वाले लोगों से उसका झगड़ा हुआ था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सीसीटीवी कैमरे में बदमाश सड़क पर खड़े होकर बेखौफ गोलियां देते दिखाई दे रहे है। पुलिस ने फिलहाल हमलावरों में से एक की पहचान कर ली है। कोटा पुलिस की विशेष टीम आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।


Download Android App
Download iOS App



